राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (Bhajan Lal Sharma) ने शुक्रवार (20 जून, 2025) को प्रदेशभर में 5 से 20 जून तक आयोजित वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत जैसलमेर (Jaisalmer) में प्राचीन गडीसर झील का पूजन व गंगा आरती कर अभियान का विधिवत समापन किया। मुख्यमंत्री शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि विधान से पूजा अर्चना की और गडीसर झील का जलाभिषेक एवं दुग्धाभिषेक किया। इस दौरान झील के तट पर बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं एवं बुजुर्गों ने सामूहिक गंगा आरती में शामिल होकर जल संरक्षण की प्रतिबद्धता जताई।
राजस्थान को जल संपन्न राज्य बनाने के लक्ष्य की प्राप्ति हेतु संचालित 'वंदे गंगा' जल संरक्षण जन अभियान के अंतर्गत आज जैसलमेर स्थित गड़ीसर सरोवर में पूजन एवं संध्या आरती की तथा प्रभु से इस अभियान की सफलता एवं समस्त प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की।… pic.twitter.com/qn6nc7ELT9
— Bhajanlal Sharma (@BhajanlalBjp) June 20, 2025
उल्लेखनीय है कि जलस्रोतों को सहेजने एवं संवारने के उद्देश्य के साथ विश्व पर्यावरण दिवस एवं गंगा दशमी के अनूठे संयोग के अवसर पर प्रदेशभर में ‘वन्दे गंगा’ जल संरक्षण जन अभियान की शुरूआत की गई थी। 5 जून से 20 जून तक इस अभियान के अंतर्गत जल स्रोतों पर पूजन एवं साफ-सफाई, जल संचय संरचनाओं के निर्माण, पूर्ण कार्यों का अवलोकन-लोकार्पण एवं श्रमदान की गतिविधियां व्यापक स्तर पर संचालित की गई। इसी तरह जनजागरूकता के लिए ग्राम सभाएं, प्रभात फेरी, कलश यात्रा एवं चौपाल भी आयोजित की गईं। इसके अलावा मीडिया कॉन्फ्रेंस एवं भ्रमण कार्यक्रम सेमिनार आयोजित किए गए।
इस अवसर पर राजेंद्रसिंह गहलोत, विधायक छोटूसिंह भाटी, महंत प्रताप पुरी, जिला प्रमुख प्रतापसिंह सोलंकी, प्रभारी सचिव महेंद्र सोनी, संभागीय आयुक्त डॉ. प्रतिभासिंह, जोधपुर रेंज आईजी विकासकुमार, जिला कलेक्टर प्रतापसिंह, जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी, पूर्व सांसद कर्नल मानवेंद्रसिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष दलपत हिंगड़ा, पूर्व विधायक सांगसिंह भाटी, डॉ. जितेंद्रसिंह, शैतानसिंह राठौड़ सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में आम जन मौजूद रहे। बता दे कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 2 घण्टे देरी से पहुंचे आरती भी देरी से ही हुई। जागरूक टाइम्स के लिए जैसलमेर से कपिल डांगरा की रिपोर्ट
रिपोर्ट – कपिल डांगरा