
बाड़मेर (Barmer) जिला प्रशासन एवं जिला रोजगार कार्यालय बाड़मेर की ओर से बुधवार को आदर्श स्टेडियम में जिला स्तरीय युवा संबल मेला-2026 का आयोजन किया गया। मेले में जिलेभर से युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जहां 300 से अधिक युवाओं का विभिन्न निजी कंपनियों में प्राथमिक चयन किया गया। जिला रोजगार अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि मेले में करीब 1500 से अधिक बेरोजगार अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन पंजीकरण कर भागीदारी निभाई। निजी क्षेत्र की कंपनियों में भगवती हैंडलुम बाड़मेर,जेएसडब्ल्यु एनर्जी बाड़मेर, गोदारा इन्फ्राटेक एंड पावर इण्डस्ट्रीज, पीवीके एचआर सॉल्युसन्स प्राईवेट लिमि. जनरल एनर्जी मैनेजमेेंट कंपनी, भारतीय जीवन बीमा निगम बाड़मेर, एसबीआई लाईफ इंश्योरेंस कम्पनी शामिल रहीं। इन कंपनियों ने आईटीआई प्रशिक्षित, डिप्लोमा एवं डिग्रीधारी अभियंता, ड्राइवर, एमबीए डिग्रीधारी, सुपरवाइजर, लेखाकार, लिपिक, कम्प्यूटर ऑपरेटर, बीमा अभिकर्ता, नर्सिंग स्टाफ, सुरक्षा गार्ड सहित विभिन्न ट्रेड के युवाओं का साक्षात्कार लेकर 300 से अधिक अभ्यर्थियों का प्राथमिक चयन किया। मेले में जिला उद्योग केंद्र, आरएसएलडीसी, आईटीआई एवं आरसेटी सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर युवाओं को स्वरोजगार एवं कौशल प्रशिक्षण से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी।कार्यक्रम में समाजसेवी अनंतराम विश्नोई, दिलीप पालीवाल, रमेशसिंह इन्दा एवं श्रीमती अनिता चौहान ने बतौर मुख्य अतिथि युवाओं को स्वरोजगार एवं कौशल विकास के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया। इस अवसर पर राज्य सरकार की योजनाओं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना तथा निर्माण श्रमिक शिक्षा एवं कौशल विकास योजना के चयनित लाभार्थियों को चेक वितरित किए गए।
रिपोर्ट – ठाकराराम मेघवाल
