![](https://jagruktimes.co.in/wp-content/uploads/2024/03/RAM-MANDIR.webp)
अयोध्या। रामनगरी की होली इस बार बेहद खास रही। राम मंदिर वाली होली को लेकर अयोध्या में जबरदस्त उल्लास नजर आया। भगवान श्री रामलला ने भी 495 साल बाद भव्य महल में होली खेली। इस दौरान देश भर के लोग मंदिर पहुंचे। अयोध्या में होली की सुबह सबसे पहले मठ-मंदिरों में विराजमान भगवान को अबीर गुलाल अर्पित कर होली खेलने की अनुमति मांगी गई।
इसके बाद पूरी अयोध्या रंग उत्सव के उल्लास में डूब गई। रामलला के दरबार में पुजारियों ने रामलला पर पुष्प वर्षा कर अपने आराध्य के साथ होली खेली। उनके राज भोग और श्रृंगार के क्रम में उन्हें अबीर गुलाल अर्पित किया गया। 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया गया। पुजारी ने भी रामलला को होली के गीत सुनाए। वहीं राम जन्म भूमि परिसर में रामलला के दर्शन को पहुंचे श्रद्धालु भी होली के गीतों को गुनगुनाते नज़र आए।
देश भर से उमड़े लोग, जश्न का माहौल, सजाई गई मूर्ति
अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा के बाद रामलला पहली होली मना रहे हैं। उनकी मोहक मूर्ति को फूलों से सजाया गया था। माथे पर गुलाल लगाया गया था। गुलाबी पोशाक पहने रामलला की मूर्ति आकर्षित कर रही थी। रविवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु रामलला के दरबार पहुंचे और अपने आराध्य के दर्शन कर कृतार्थ हुए। रामलला की होली के लिए मंदिर की ओर से विशेष तैयारी की गई थी।