
बाड़मेर (Barmer) जिले में भगवान परशुराम (Parshuram) के जन्मोत्सव के अवसर पर मंगलवार (29 अप्रैल, 2025) को एक भव्य शोभायात्रा वाहन रैली का आयोजन किया गया। यह रैली सुबह मां रत्रादे कुंज जोशी वास, पनघट रोड से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए भगवान परशुराम चौक पर समाप्त हुई। कार्यक्रम का उद्देश्य भगवान परशुराम के जीवन और उनके योगदान को श्रद्धापूर्वक याद करना था।
नगर अध्यक्ष ललित जोशी ने बताया कि रैली मां रत्रादे कुंज से तन शिक्षा, पांच बत्ती चौराहा, कब्रिस्तान के पास, कोतवाली थाना, स्टेशन रोड, अहिंसा सर्किल, विवेकानंद सर्किल होते हुए जिला कलेक्टर बंगले के पास से भगवान परशुराम चौक तक गई। भगवान परशुराम चौक पर रैली का समापन हुआ, जहां भगवान परशुराम की आरती और पूजन किया। दिलीप पालीवाल ने भगवान परशुराम के जीवन और उनके योगदान पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के अंत में दो मिनट का मौन रखा गया। शहरभर में शोभायात्रा के मार्ग पर जलपान की व्यवस्था की गई। शहरवासियों ने शोभायात्रा पर फूलों की वर्षा की और रैली का स्वागत किया। मंत्री सोहनलाल गोद, उपाध्यक्ष दीपक शर्मा और देवेंद्र अवस्थी ने शोभायात्रा में प्रसादी का वितरण किया।
इस आयोजन में नगर अध्यक्ष ललित जोशी, दिलीप पालीवाल, मंत्री सोहनलाल गोद, उपाध्यक्ष दीपक शर्मा, देवेंद्र अवस्थी और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में शहरवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और भगवान परशुराम के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
रिपोर्ट – ठाकराराम मेघवाल