राजस्थान में सीवरेज कार्य के दौरान मिट्टी धसने से बड़ा हादसा हो गया। दरअसल, सिरोही जिले के आबूरोड में बुधवार को सीवरेज कार्य के दौरान अचानक से मिट्टी धंस गई, जिसमें चार मजदूर नीचे दब गए।
इस हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि अन्य दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल मजदूरों को इलाज के तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। वही, इस घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। माउंटआबू के डीएसपी अचल सिंह देवड़ा, नगरपालिका अध्यक्ष मगनदान चारण, एसडीएम वीरमाराम, तहसीलदार मंगलाराम, शहर थानाधिकारी बंसीलाल मौके पर पहुंचे।
राजस्थान में सीवरेज कार्य के दौरान मिट्टी धंसने से 4 मजदूर दबे, 2 की मौत, अन्य का इलाज जारी
— NDTV Rajasthan (@NDTV_Rajasthan) March 13, 2024
पूरी खबर पढ़ें: https://t.co/wSLnirlq0Z#Rajasthan #accident #viral pic.twitter.com/oUfOPvR1IF
जानकारी के मुताबिक, ये हादसा बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे हुआ। चार मजदूर सीवरेज कार्य में जुटे हुए थे। तभी सीवरेज चैंबर धंसने से चारों मजदूर नीचे दब गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और रूडीप की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से मिट्टी हटाने का काम शुरू किया गया।
करीब डेढ़ घंटे तक चली मशक्कत के बाद मजदूरों को गड्ढे से बाहर निकाला गया। फिर 108 एंबुलेंस की मदद से चारों मजदूरों को राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर्स ने दो मजदूरों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दो मजदूरों का इलाज जारी है। मृतकों के शवों को मोर्चरी में रखवाकर उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है।
खबरों की माने तो डीएसपी अचल सिंह देवड़ा ने बताया कि केसरगंज क्षेत्र में ब्रह्मपुरी कॉलोनी के पास सीवरेज का कार्य चल रहा था। इस दौरान चार मजदूर चैंबर में पाइपलाइन कनेक्शन का काम कर रहे थे तभी अचानक मिट्टी धंसने से चारों मजदूर नीचे दब गए। बता दे कि शहर में एलएनटी द्वारा सीवरेज का काम करवाया जा रहा है।