
Pali। पाली पुनायता औद्योगिक क्षेत्र स्थित सूर्यज्योति एपैरल्स प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक साथ 18 युवतियों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। सभी को पेट दर्द, घबराहट और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद तत्काल बांगड़ अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ. मौलिक ने जानकारी देते हुए बताया कि 18 में से 16 युवतियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि दो युवतियों की हालत को देखते हुए उन्हें भर्ती किया गया है। फिलहाल दोनों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है। चिकित्सकीय जांच में फिलहाल फूड पॉयजनिंग की पुष्टि नहीं हुई है। डॉक्टर का कहना है कि संभवत: गर्मी, उमस या दूषित पानी की वजह से लड़कियों की तबीयत बिगड़ी हो सकती है, लेकिन स्पष्ट कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा।
घटना की सूचना पर सदर थाने से हेड कांस्टेबल तेजाराम पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और अस्पताल के साथ घटनास्थल का भी जायजा लिया। फैक्ट्री प्रबंधन से प्रारंभिक पूछताछ भी की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार फैक्ट्री के एक बड़े हॉल में करीब 500 से अधिक महिलाएं और युवतियां सिलाई का कार्य करती हैं। संभावना जताई जा रही है कि अत्यधिक भीड़ और प्रॉपर वेंटिलेशन की कमी के कारण सफोकेशन हुआ, जिससे यह स्थिति उत्पन्न हुई।
घायल युवतियों में जिनका उपचार कर छुट्टी दी गई, उनमें संजू पुत्री अमराराम (19 साल), मंजू पुत्री भंवरलाल (22 साल), तरुणा पुत्री चौथाराम (23 साल), अंजू पुत्री संतोष कुमार (22 साल), उगिया पुत्री मोहनलाल (21 साल), दीपिका पुत्री लादूराम (22 साल), मुन्नी पुत्री जगदीश कुमार (20 साल), डिंकू पुत्री जीवाराम (22 साल), निशा पुत्री तेजाराम (23 साल), किरण पुत्री लक्ष्मणराम (24 साल), सरोज पुत्री दिनेश कुमार (19 साल), संतोष पुत्री नेमाराम (20 साल), पूजा पुत्री भंडाराम (21 साल), विमला पुत्री पापुराम (21 साल), पुष्पा पुत्री कुका राम (21 साल) और ओमकंवर पुत्री गणपत सिंह (20 साल) शामिल हैं। वही, दो युवतियां संतोष पुत्री नेमाराम (19 साल) और मीना पुत्री भंवरलाल (21 साल) को भर्ती किया गया है, जिनका उपचार जारी है।
रिपोर्ट – रविन्द्र सोनी