Indore Couple Missing Case: Sonam Raghuwanshi ने प्रेमी संग रचाई पति के कत्ल कि साज़िश, क्या है पूरी कहानी?

4 Min Read
Indore Couple Missing Case: Sonam Raghuwanshi ने प्रेमी संग रचाई पति के कत्ल कि साज़िश, क्या है पूरी कहानी?

Indore Couple Missing Case: प्यार, शादी और हनीमून का यह किस्सा अचानक खून, धोखे और गिरफ्तारी में बदल गया। इंदौर की सोनम रघुवंशी (Sonam Raghuwanshi) ने सोमवार को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के नंदगंज थाने में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उस पर अपने ही पति राजा रघुवंशी की सुपारी देकर हत्या करवाने का आरोप लगाया है। यह वही महिला है, जो कुछ दिन पहले अपने पति के साथ हनीमून मनाने मेघालय गई थी, लेकिन अब एक हत्या की मुख्य साजिशकर्ता बनकर सामने आई है।

कुछ दिन पुरानी शादी, फिर हनीमून और हत्या

राजा और सोनम की शादी को कुछ ही दिन हुए थे। दोनों हनीमून के लिए बेंगलुरु, गुवाहाटी होते हुए मेघालय पहुंचे थे। लेकिन 2 जून को राजा का शव वई सॉडॉन्ग जलप्रपात के पास एक गहरी खाई से बरामद हुआ। शव पर कई चाकू के निशान थे और उसका कीमती सामान—सोने की चेन, अंगूठी, घड़ी और डायमंड ब्रेसलेट गायब था। शुरुआत में यह मामला लूट का लग रहा था, लेकिन जब सोनम गायब पाई गई, तो शक गहराया।

CCTV और सफेद शर्ट से खुला राज

पुलिस को एक महिला की सफेद शर्ट मौके से मिली। इसके साथ-साथ, यात्रा के दौरान अलग-अलग स्थानों पर मिले CCTV फुटेज में सोनम को अपने पति से बार-बार दूरी बनाते देखा गया। इसके बाद पुलिस ने हत्या की साजिश की आशंका जताई और विशेष जांच टीम (SIT) बनाई गई।

जांच में सामने आया कि सोनम का अपने पिता की मिका फैक्ट्री में काम करने वाले राज कुशवाहा से पहले से प्रेम संबंध था। सोनम फैक्ट्री में एचआर अधिकारी थी, जबकि राज वहां प्रबंधक के रूप में कार्यरत था। आशंका जताई जा रही है कि शादी के बावजूद यह रिश्ता जारी रहा और उसी के चलते सोनम ने पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

चार आरोपी गिरफ्तार, एक अब भी फरार

मेघालय पुलिस महानिदेशक इदाशिशा नोंग्रांग ने पुष्टि की कि सोनम ने हत्या के लिए तीन लोगों को सुपारी दी थी। इनमें से आकाश राजपूत (19) को यूपी के ललितपुर से, जबकि विशाल सिंह चौहान (22) और राज सिंह कुशवाहा (21) को इंदौर से गिरफ्तार किया गया। बाद में चौथा आरोपी आनंद कुर्मी (23) को मध्यप्रदेश के सागर से गिरफ्तार किया गया। अब भी एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

ड्रोन से मिला शव, मुख्यमंत्री ने बताया “बड़ी सफलता”

परिवार वालों द्वारा संपर्क न हो पाने के बाद पुलिस, SDRF, NDRF और ड्रोन की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया गया। राजा का शव एक पुलिस ड्रोन द्वारा देखा गया और वहीं से मामले ने नया मोड़ लिया। मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा ने सोशल मीडिया पर इसे “बड़ी सफलता” बताया।

यह मामला सिर्फ एक विवाहेतर संबंध और सुपारी किलिंग तक सीमित नहीं है। पुलिस को उम्मीद है कि आगे की जांच में और नाम सामने आ सकते हैं। डीजीपी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने और लोगों के शामिल होने के संकेत दिए हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version