Lok Sabha Elections 2024: महापर्व का महाआगाज, पहले चरण में 63 फीसद मतदान

7 Min Read

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के पहले चरण के तहत देश के 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में मतदान शाम छह बजे मतदान का सिलसिला खत्म हो गया। सीटों के हिसाब से यह सबसे बड़ा चरण था। पहले चरण में कुल 102 लोकसभा सीटों पर मतदान हुआ। शाम छह बजे तक 63 फीसदी वोटिंग हुई है।

हालांकि फाइनल वोटिंग प्रतिशत अभी नहीं आया है। समाचार लिखे जाने तक उपलब्ध जानकारी के अनुसार सबसे ज्यादा 80 प्रतिशत वोट त्रिपुरा में डाले गए, जबकि बिहार में सबसे कम 48 प्रतिशत वोटिंग हुई। वोटिंग के दौरान मणिपुर के बिष्णुपुर में फायरिंग, बंगाल के कूचबिहार में हिंसा और छत्तीसगढ़ के बीजापुर में ग्रेनेड ब्लास्ट हुआ है।

ब्लास्ट में एक असिस्टेंट कमांडेंट और जवान घायल हैं। मणिपुर की दो लोकसभा सीटों (मणिपुर इनर और मणिपुर आउटर) पर भी इस फेज में वोटिंग है। हिंसा को देखते हुए आउटर सीट के कुछ हिस्सों में 26 अप्रैल को भी वोटिंग होगी।

राज्यों में वोटों का प्रतिशत

त्रिपुरा में 80.06, असम में 71.46, पुडुचेरी में 73.37, मेघालय में 73.69, मणिपुर में 68.81, सिक्किम में 68.06, मध्य प्रदेश में 63.5, महाराष्ट्र में 55.35, राजस्थान में 63.71, जम्मू कश्मीर में 65.08, अरुणाचल प्रदेश में 65.79, छत्तीसगढ़ में 63.41, लक्षद्वीप में 59.02, अंडमान निकोबार में 56.87, नागालैंड में 56.91, उत्तराखंड में 53.72, मिजोरम में 54.23, उत्तर प्रदेश में 57.77 और तमिलनाडु में 62.27 प्रतिशत मतदान हुआ।

राजस्थान में कुल 63.71 फीसदी मतदान

राजस्थान में लोकसभा चुनाव 2024 के पहले चरण के तहत आज 12 सीटों पर वोट डाले जा चुके हैं। हालांकि, राजस्थान में अपेक्षा के मुताबिक मतदान की गति शुरू में थोड़ी धीमी रही। सभी 12 सीटों पर कुल कुल 63.71 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है। गर्मी के चलते मतदान केंद्रों पर अभी मतदाताओं की संख्या थोड़ी कम नजर आई। हालांकि, बाद में वोटर घरों से निकल कर बूथ तक पहुंचे।

मतदान सुबह 7 से शाम छह बजे तक चला। इस बीच, आज केंद्रीय मंत्री और बीकानेर सीट से भाजपा प्रत्याशी अर्जुनराम मेघवाल की कार का एक्सीडेंट हो गया। गनीमत यह रही कि इस हादसे में मंत्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। बताया जा रहा है कि मेघवाल की कार को किसी वाहन ने पीछे से टक्कर मारी है। चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पहले चरण में जिन 12 सीटों पर मतदान हुआ है।

उनमें- गंगानगर, बीकानेर, चूरू, झुंझुनू, सीकर, जयपुर ग्रामीण, जयपुर, अलवर, भरतपुर, करौली-धौलपुर, दौसा और नागौर शामिल हैं। इन निर्वाचन क्षेत्रों में 24 हजार 370 मतदान केंद्रों पर मतदान हुआ। इसमें 5729 शहरी, 17 हजार 922 ग्रामीण सहित 719 सहायक मतदान केंद्र शामिल थे। राजस्थान में पहले चरण में दो केंद्रीय मंत्री, दो सांसद, तीन पूर्व सांसद, राज्य के आधा दर्जन पूर्व मंत्री और तीन पूर्व विधायक सहित 114 प्रत्याशी चुनाव मैदान में अपना चुनावी भाग्य आजमा रहे हैं।

इनमें 102 पुरुष और 12 महिला उम्मीदवार शामिल हैं। सर्वाधिक 15 प्रत्याशी जयपुर ग्रामीण और सबसे कम चार प्रत्याशी करौली-धौलपुर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में है। चुनाव आयोग द्वारा स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव के लिए कानून-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

महाराष्ट्र में 5 सीटों पर 55.35 फीसदी मतदान

महाराष्ट्र की पांच लोकसभा सीटों पर वोटिंग खत्म हो गई है। चुनाव आयोग ने बताया कि महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र की पांच लोकसभा सीटों पर शाम सात बजे तक 55.29 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है।

पहले चरण के तहत महाराष्ट्र के नागपुर, रामटेक (अनुसूचित जाति), भंडारा-गोंदिया, चंद्रपुर और नक्सल प्रभावित गढ़चिरौली-चिमूर (अनुसूचित जनजाति) निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतदान हुआ। इन सीट पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी सहित कुल 97 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। इन पांच निर्वाचन क्षेत्रों में 95,54,667 मतदाता है, जबकि 10,652 मतदान केंद्र बनाए गए थे।

प्रधानमंत्री नेरेन्द्र मोदी ने कहा कि: पहला चरण, बढ़िया प्रतिक्रिया! आज वोट डालने वाले सभी लोगों को धन्यवाद। आज के मतदान पर शानदार फीडबैक मिल रहा है। यह साफ है कि पूरे भारत में लोग रिकॉर्ड संख्या में एनडीए को वोट दे रहे हैं।

बीजापुर में बम विस्फोट

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में शुक्रवार को भैरमगढ़ पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत चिहका मतदान केंद्र के करीब प्रेशर बम में विस्फोट होने से सीआरपीएफ के सहायक सेनानी मनु एचसी घायल हो गए हैं। जवान नक्सल विरोधी अभियान पर थे। जब वह चिहका मतदान केंद्र के करीब थे तब मनु का पैर प्रेशर बम के ऊपर चला गया। इससे बम में विस्फोट हो गया।

मणिपुर में मतदान केंद्रों पर गोलीबारी

मणिपुर में लोकसभा चुनाव के बीच छिटपुट हिंसा की खबर सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, घायल शख्स की पहचान 65 वर्षीय खोइसनाम सयामाइमा के रूप में हुई है। फिलहाल उनका राज मेडिसिटी अस्पताल में इलाज चल रहा है। मणिपुर घाटी में मतदान केंद्रों के करीब गोलीबारी की कम से कम दो घटनाएं हुई हैं। सुबह बिष्णुपुर जिले के थमनापोकपी में भी गोलीबारी की घटना हुई थी। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ था।

भाजपा नेता की मौत

कर्नाटक के कोडागु जिले में शुक्रवार को चुनाव प्रचार के दौरान हिट-एंड-रन की घटना हुई, जिसमें भाजपा नेता की मौत होने की खबर है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तीन लोगों के खिलाफ धारा 302 (हत्या की सजा) के तहत प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। घटना कुशलानगर तालुक के वलनूर गांव में हुई।

पहली बार शोंपेन जनजाति ने डाला वोट

पोर्ट ब्लेयर। केंद्रशासित प्रदेश अंडमान निकोबार द्वीपसमूह में पहली बार शोंपेन जनजाति के सात लोगों ने शुक्रवार को एकमात्र लोकसभा सीट के लिए अपने मत का इस्तेमाल किया है। 2011 की जनगणना के मुताबिक, शोंपेन जनजाति की आबादी कुल 229 थी।

यह जनजाति ग्रेटर निकोबार द्वीपसमूह का ‘विशेष संवेदनशील जनजाति समूह या कहें ‘पर्टीकुलरली वलन्यूरेबल ट्राइबल ग्रुप’ (पीवीटीजी) है। शोंपेन जनजाति के लोगों ने न केवल वन कर्मचारी क्वार्टर के अंदर बने ‘शोंपेन हट’ नामक मतदान केंद्र 411 पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया, बल्कि उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा बनाए गए ‘कट-आउट’ पर सेल्फी भी ली।

Share This Article
Follow:
Jagruk Times is a popular Hindi newspaper and now you can find us online at Jagruktimes.co.in, we share news covering topics like latest news, politics, business, sports, entertainment, lifestyle etc. Our team of good reporters is here to keep you informed and positive. Explore the news with us! #JagrukTimes #HindiNews #Jagruktimes.co.in
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version