![Instagram](https://jagruktimes.co.in/wp-content/uploads/2024/05/reels.webp)
मुंबई। मुंबई पुलिस ने दो बहनों को चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है। दोनों एक बुजुर्ग दंपती के घर काम करती थीं, जहां से उन्होंने 55 लाख रुपए के गहने और महंगे कपड़ों के साथ ही अन्य कीमती सामान चोरी किया। वह पुलिस की पकड़ में तब आईं, जब उन्होंने चोरी किए गए गहने और कपड़े पहनकर रील बनाई और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।
आरोपी बहनों की पहचान वेटकोली (24) और भारती वेटकोली (21) के रूप में हुई है। कालाचौकी पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि एक बुजुर्ग दंपती ने हाल ही में घर से गहने, कपड़े और विदेशी मुद्रा सहित नकदी गायब होने की शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के दौरान, पुलिस ने पाया कि दंपती की दो घरेलू सहायिकाएं अक्सर गहने और महंगे कपड़े दिखाने के लिए इंस्टाग्राम पर रील अपलोड करती हैं।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी बहनों ने दंपती के घर से चोरी गहने और महंगे कपड़े पहनकर भी रील बनाई और उसे इंस्टाग्राम पर अपलोड किया। जिसके आधार पर पुलिस ने दो दिन पहले दोनों को रायगढ़ जिले से गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 55 लाख रुपए का कीमती सामान बरामद किया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों बहनों पर भारतीय दंड संहिता की धारा 381 (क्लर्क या नौकर द्वारा चोरी) सहति अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।