
बॉलीवुड में जहां फिल्म प्रमोशन अक्सर मुंबई-दिल्ली तक सिमट कर रह जाता है, वहीं ‘अस्सी’ (ASSI) के मेकर्स ने इस ट्रेंड को तोड़ने का फैसला किया है। तापसी पन्नू स्टारर यह फिल्म रिलीज से पहले ही देश के छह शहरों में खास प्रीमियर के जरिए दर्शकों से रूबरू होगी। पटना, अहमदाबाद, इंदौर, लखनऊ, दिल्ली और कोलकाता में 20 फरवरी की रिलीज से पहले विशेष स्क्रीनिंग रखी गई है।
दिलचस्प बात यह है कि टीम ने जानबूझकर टियर-2 शहरों को इस प्रमोशन का केंद्र बनाया है। साफ है कि मेकर्स फिल्म को सिर्फ ग्लैमरस इवेंट्स तक सीमित नहीं रखना चाहते, बल्कि उन दर्शकों तक पहुंचना चाहते हैं जो कंटेंट-ड्रिवन सिनेमा को सराहते हैं।
‘अस्सी’ एक इन्वेस्टिगेटिव कोर्टरूम ड्रामा है, जो समाज के कुछ असहज सवालों को उठाने का दावा करती है। मेकर्स की कोशिश है कि रिलीज से पहले ही फिल्म को लेकर चर्चा का माहौल बने और दर्शकों के बीच संवाद शुरू हो।
फिल्म में तापसी पन्नू लीड रोल में हैं। उनके साथ कानी कुसरुति, रेवती, मनोज पाहवा, कुमुद मिश्रा और मोहम्मद जीशान अय्यूब नजर आएंगे। वहीं नसीरुद्दीन शाह, सुप्रिया पाठक और सीमा पाहवा की खास मौजूदगी फिल्म को और मजबूत बनाती है।
अनुभव सिन्हा के निर्देशन में बनी ‘अस्सी’ को भूषण कुमार, कृष्ण कुमार और अनुभव सिन्हा ने प्रोड्यूस किया है। यह फिल्म 20 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
