![](https://jagruktimes.co.in/wp-content/uploads/2024/03/202d3a6f-ff08-4c31-a935-9a2044c0e4f9.webp)
गुजरात में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को तगड़ा झटका लगा है। भाजपा के दो उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ने से मना कर दिया है। जानकारी के मुताबिक, साबरकांठा से भीखाजी ठाकोर और वडोदरा से सांसद रंजन भट्ट ने लोकसभा चुनाव 2024 न लड़ने की घोषणा की है। इस बात की जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी है।
भाजपा के घोषित उम्मीदवार भीखाजी ठाकोर ने अपने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिये इस फैसले की जानकारी दी है। उन्होंनें लिखा है कि ”मैं भीखाजी ठाकोर व्यक्तिगत कारणों से साबरकांठा लोकसभा सीट से चुनाव नहीं लड़ना चाहता हूं।” हालांकि, भीखाजी ठाकोर के पीछे हटने की कई वजह बताई जा रही है। माना जा रहा है कि उनकी जाति को लेकर विवाद चल रहा है।
वही, सांसद रंजन भट्ट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ”मैं, रंजनबेन धनंजय भट्ट, अपने व्यक्तिगत कारणों से लोकसभा चुनाव 2024 लड़ने की इच्छुक नहीं हूं।” खबरों के मुताबिक, कुछ दिनों पहले ही उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन हुए थे। भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने बगावत कर दी थी।
હું રંજનબેન ધનંજય ભટ્ટ મારા અંગત કારણોસર લોકસભા ચૂંટણી 2024 ની ચૂંટણી લડવાની અનિચ્છા દર્શાવુ છું.
— Ranjan Bhatt (MP) (मोदी का परिवार) (@mpvadodara) March 23, 2024
बता दे कि रंजन भट्ट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से वडोदरा सीट छोड़ने के बाद साल 2014 में हुए उपचुनाव में जीत दर्ज की थी। उन्होंने ने साल 2019 में लोकसभा चुनाव भी जीता था। आगामी लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने रंजन भट्ट को उम्मीदवार घोषित किया था। आपको बता दे, गुजरात की 26 लोकसभा सीट पर तीसरे चरण के तहत 7 मई, 2024 को वोटिंग होगी।