
राजसमन्द (Rajsamand) प्रख्यात विचारक, चिंतक, प्रखर वक्ता, लेखक एवं संप्रति आलोक संस्थान, उदयपुर के निदेशक डॉ प्रदीप कुमावत को वडोदरा गुजरात में भारतीय जीवन बीमा निगम वडोदरा मंडल द्वारा आयोजित एक भव्य समारोह में विद्याधीश सम्मान एवं उपाधि से सम्मानित करने पर आलोक स्कूल राजसमन्द के महाराणा प्रताप सभागार में उनका भव्य अभिनंदन किया गया ।प्राचार्य ललित गोस्वामी ने बताया कि वडोदरा क्षेत्र के भारतीय जीवन बीमा निगम के तत्वावधान में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में लगभग 500 चयनित अभिकर्ता, विकास अधिकारी एवं वरिष्ठ सम्मानित सदस्य उपस्थित थे। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में डॉ प्रदीप कुमावत ने सनातन में जीवन प्रबंधन एवं प्रबंधन के सूत्र विषय पर लगभग दो घंटे का धाराप्रवाह, प्रभावशाली एवं प्रेरक व्याख्यान दिया, जिसने उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।अपने व्याख्यान में डॉ कुमावत ने रामायण, महाभारत एवं हनुमान चालीसा की विभिन्न चौपाइयों के माध्यम से प्रबंधन के गूढ़ सूत्रों को सरल और व्यवहारिक उदाहरणों के साथ प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि हनुमान जी से श्रेष्ठ प्रबंधन और श्रेष्ठ प्रबंधक कोई नहीं हो सकता। वेअपने कार्य की समस्त उपलब्धियों का श्रेय सदैव अपने अधीनस्थों और प्रभु श्रीराम को देते रहे यही गुण उन्हें महान बनाता है। कार्यक्रम के दौरान डॉ प्रदीप कुमावत को मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा विद्याधीश अवार्ड, विशेष ट्रॉफी, शॉल ओढ़ाकर तथा अभिनंदन पत्र प्रदान कर सनातन संस्कृति, शिक्षा और सामाजिक चेतना के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डॉ प्रदीप कुमावत ने आलोक संस्थान की ओर से भारतीय जीवन बीमा निगम पर एक गाना बनाकर एक फिल्म बनाकर उनको भेंट की है, जिसे राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है तथा साथ ही विकास अधिकारी और अभिकर्ताओं के लिए भी उन्होंने एक एक गीत बनाकर वरिष्ठ मंडल प्रबंधक को भेंट किया।इस उपलब्धि पर महाराणा प्रताप सभागार में निदेशक डॉ प्रदीप कुमावत का विशेष अभिनंदन किया गया । प्रशासक मनोज कुमावत, प्राचार्य ललित गोस्वामी, सहायक प्रशासक ध्रुव कुमावत ने उपरणा, माला पहनाकर व प्रभु प्रसाद और पान- बीड़ा भेंटकर उनका अभिनंदन किया, साथ ही स्टाफ सेक्रेटरी व सभी इंचार्जेज ने भी माला, उपरणा पहना व उपहार भेंटकर निदेशक डॉ प्रदीप कुमावत को सम्मानित कर बधाई दी । इस अवसर पर प्राचार्य ललित गोस्वामी ने अभिनंदन पत्र का वाचन भी किया । निदेशक डॉ प्रदीप कुमावत ने इस अभिनंदन के लिए सभी के प्रति अपना आभार प्रकट किया।
रिपोर्ट – नरेंद्र सिंह खंगारोत
