
रानीवाड़ा (Raniwada) नगर की आपेश्वर कॉलोनी में फागोत्सव होली का भव्य और शानदार आयोजन श्रद्धा, उत्साह और भक्ति भाव के साथ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन आपेश्वर भजन मंडली के महिला वर्ग द्वारा किया गया, जिसमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पारंपरिक फाग गीतों पर जमकर आनंद लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत दीप प्रज्ज्वलन एवं भक्तिमय वातावरण के बीच किया गया। इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण और राधा के स्वांग में सजी बालिकाओं व महिलाओं ने मनोहारी नृत्य प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कृष्ण-राधा बने कलाकारों ने रंग भरी पिचकारी से महिलाओं पर गुलाल और फूलों की वर्षा कर होली का आनंदमय माहौल बना दिया। फागोत्सव के दौरान ब्रज के पारंपरिक गीतों एवं मारवाड़ी फाग गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दी गईं। “सांवरिया थारी आळु आव…” और “होली खेला थांपा गिरधर गोपाल…” जैसे भजनों पर महिलाओं ने जमकर नृत्य किया। पूरे परिसर में भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। महिलाओं ने लूर नृत्य का भी भरपूर आनंद लिया, जिससे वातावरण पूरी तरह रंगमय हो गया। भजन मंडली में रसाल कंवर, मुली खत्री, मीराखत्री, लक्ष्मी माली, जोसना जोशी, रमीला जोशी, भगवती खत्री, शारदा सोनी और भगवती सोनी सहित अन्य महिलाओं ने सक्रिय सहयोग देकर कार्यक्रम को सफल बनाया। कार्यक्रम के अंत में भगवान श्रीकृष्ण-राधा को विधिवत भोग लगाया गया और सामूहिक आरती की गई। उपस्थित श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर भक्ति रस का आनंद लिया। फूलों की वर्षा के साथ भगवान की भावभीनी विदाई दी गई और अगले वर्ष पुनः पधारकर सभी की झोली खुशियों से भरने की कामना की गई। फागोत्सव के इस आयोजन ने आपेश्वर कॉलोनी में सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक परंपराओं को नई ऊर्जा प्रदान की।
रिपोर्ट – मुकेश लाखारा
