
रेवदर (Revder) राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, करोटी (रेवदर) में 12 फरवरी 2026 को हुए शाला सम्बलन निरीक्षण में कई गंभीर कमियां सामने आई हैं। कार्यक्रम अधिकारी समग्र शिक्षा, सिरोही द्वारा किए गए निरीक्षण के बाद जिला कार्यालय ने विद्यालय से दो दिवस में तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।कार्यक्रम अधिकारी अमृतलाल पुरोहित द्वारा किए गए निरीक्षण में कक्षा 2 एवं कक्षा 6 का अवलोकन किया गया। इस दौरान पाया गया कि हिंदी विषय में एफ एल एन पाठ्यपुस्तक एवं कार्यपुस्तिका का अभ्यास कार्य और जांच कार्य नहीं कराया गया। कक्षा 6 के विद्यार्थियों से दोपहर बातचीत करने पर उन्होंने बताया कि पूरे दिन में केवल एक ही कालांश में शिक्षण कार्य हुआ। जबकि सत्र समाप्ति के नजदीक होने के बावजूद पढ़ाई में लापरवाही सामने आई है। इस संबंध में कारण स्पष्ट करने को कहा गया है।पुस्तकालय से पुस्तकों का नियमित वितरण नहीं किया, मिली अनियमिततानिरीक्षण में यह भी सामने आया कि विद्यालय में एबीएल किट के माध्यम से शिक्षण कार्य नहीं कराया जा रहा है। विद्यार्थियों को एबीएल किट के बारे में जानकारी का अभाव पाया गया, जिससे शैक्षणिक गतिविधियों पर प्रश्नचिह्न लग गया है। इसके अलावा विद्यालय में पुस्तकालय से पुस्तकों का नियमित वितरण भी नहीं किया जा रहा है। जनवरी एवं फरवरी 2026 में विद्यार्थियों को पुस्तकें वितरित नहीं की।निरीक्षण के समय दो शिक्षक विद्यालय में मिले अनुपस्थित, प्रधानाध्यापक ने एसडीएम कार्यालय में होने को लेकर किया गुमराहसबसे गंभीर मामला शिक्षकों की अनुपस्थिति को लेकर सामने आया। निरीक्षण के समय दो शिक्षक भगवानाराम और कृष्ण कुमार विद्यालय में अनुपस्थित मिले। प्रधानाध्यापक द्वारा भगवानाराम के एसडीएम कार्यालय में होने की जानकारी दी गई, लेकिन एसडीएम कार्यालय के कंट्रोल रूम से पुष्टि करने पर संबंधित कार्मिक के वहां उपस्थित नहीं होने की बात सामने आई। वहीं कृष्ण कुमार द्वारा प्रधानाध्यापक का फोन भी रिसीव नहीं किया गया। इन सभी कमियों को गंभीर मानते हुए अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक, समग्र शिक्षा, सिरोही ने मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी एवं मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, रेवदर को निर्देशित किया है कि विद्यालय से तथ्यात्मक रिपोर्ट प्राप्त कर दो दिवस में जिला कार्यालय, सिरोही को भेजना सुनिश्चित किया जाए।
रिपोर्ट – रमेश माली
