
बाड़मेर (Barmer) देशभर में चल रहे नरेगा बचाओ संग्राम अभियान के तहत बाड़मेर विधानसभा क्षेत्र के गेहूं, शिव भाखरी, मेकानियों की ढाणी (ग्राम पंचायत बांदरा) एवं भादरेश ग्राम पंचायतों में जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं युवा नेता आजाद सिंह राठौड़ ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए नरेगा बचाने के लिए ग्रामीणों को एकजुट होने का आह्वान किया।राठौड़ ने बताया कि नरेगा बचाओ संग्राम को बाड़मेर विधानसभा क्षेत्र में अभूतपूर्व जनसमर्थन मिल रहा है। गांव-गांव में लोग स्वयं आगे आकर नरेगा से जुड़े सवाल और शिकायतें उठा रहे हैं, जो यह दर्शाता है कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों से आमजन बेहद परेशान है।राठौड़ ने कहा कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (नरेगा) देश के करोड़ों ग्रामीण मजदूर परिवारों के लिए सम्मानजनक आजीविका का मजबूत आधार रही है। लेकिन भाजपा सरकार लगातार इस योजना को कमजोर करने की दिशा में काम कर रही है। नाम बदलने, केंद्र सरकार की बजट में कटौती जैसे कदम नरेगा को धीरे-धीरे खत्म करने की साजिश का हिस्सा हैं।उन्होंने कहा कि बाड़मेर विधानसभा क्षेत्र के जिन गांवों में नरेगा बचाओ संग्राम के तहत जनजागरण कार्यक्रम आयोजित हुए हैं, वहां भाजपा सरकार के प्रति जनता का आक्रोश साफ दिखाई दे रहा है। ग्रामीण भली-भांति जानते हैं कि नरेगा कांग्रेस सरकार की ऐतिहासिक और जनकल्याणकारी योजना है, जिसने कठिन परिस्थितियों में भी ग्रामीण परिवारों को रोजगार और सुरक्षा दी।राठौड़ ने आरोप लगाया कि भाजपा की वैचारिक राजनीति के चलते महात्मा गांधी के नाम से जुड़ी योजनाओं को निशाना बनाया जा रहा है। लेकिन जनता अब जागरूक है और अपने अधिकारों के साथ किसी भी तरह का समझौता करने को तैयार नहीं है।उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर लोकतांत्रिक तरीके से अपने हक़ की आवाज़ बुलंद करें। कांग्रेस पार्टी नरेगा सहित मजदूरों, किसानों और वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष करती रहेगी। कार्यक्रमों के दौरान कांग्रेस के स्थानीय नेता, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट – ठाकराराम मेघवाल
