
राजसमंद (Rajsamand) जिले के रेलमगरा ब्लॉक के ग्राम पंचायत कुरज में आयोजित श्री सेमलिया महादेव पशु मेले का समापन आज सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। मेले के समापन अवसर पर जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा उपस्थित रहे, जिन्होंने मेले का अवलोकन करते हुए पशुपालकों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि ऐसे पशु मेले ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के साथ-साथ पशुपालकों को आधुनिक पशुपालन तकनीकों, सरकारी योजनाओं और उन्नत नस्लों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं।समापन कार्यक्रम में एडीएम नरेश बुनकर, एसडीएम बिंदु बाला राजावत, पशुपालन संयुक्त निदेशक शक्ति सिंह, उप निदेशक पुरुषोत्तम पतकी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों द्वारा मेले में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया गया तथा पशुपालकों को पशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, नस्ल सुधार, चारा प्रबंधन और विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। प्रशासनिक समन्वय और विभागीय सहभागिता से मेले की व्यवस्थाएँ सुचारु रूप से संचालित रहीं। कार्यक्रम समापन के अवसर पर कई पशुपालकों को सम्मानित किया गया। पशु मेले में बड़ी संख्या में ग्रामीण पशुपालकों की उपस्थिति रही, जिन्होंने पूरे उत्साह के साथ मेले का लाभ लिया। मेले के दौरान विभिन्न नस्लों के पशुओं की प्रदर्शनी, क्रय-विक्रय, पशु स्वास्थ्य परीक्षण और परामर्श सेवाओं का लाभ पशुपालकों को एक ही स्थान पर मिला। स्थानीय स्तर पर आयोजित इस पशु मेले से क्षेत्र के पशुपालकों में सकारात्मक माहौल बना और पशुपालन गतिविधियों को नई दिशा मिली।
रिपोर्ट – नरेंद्र सिंह खंगारोत
