
उदयपुर (Udaipur) में एक निजी कंपनी की महिला कर्मचारी के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले ने सनसनी फैला दी है। पुलिस ने इस मामले में कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO), एक वरिष्ठ महिला अधिकारी और उसके पति को गिरफ्तार किया है। घटना कथित तौर पर चलती कार में हुई।जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के अनुसार, पीड़िता की शिकायत के बाद मामला दर्ज किया गया। इसके बाद उसका बयान और मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें शरीर पर चोटों के निशान पाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि शुरुआती तौर पर मेडिकल रिपोर्ट आरोपों की पुष्टि करती है।पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना 20 दिसंबर की रात को हुई। उस दिन कंपनी के CEO द्वारा शोभागपुरा क्षेत्र के एक होटल में जन्मदिन और नए साल के अवसर पर पार्टी आयोजित की गई थी। पीड़िता रात करीब 9 बजे पार्टी में पहुंची थी, जो देर रात लगभग 1:30 बजे तक चली। पार्टी में CEO, एक वरिष्ठ महिला अधिकारी और उसका पति मौजूद थे।शिकायत के अनुसार, पार्टी के दौरान पीड़िता को नशा महसूस होने लगा। इसी बीच कुछ लोगों ने उसे घर छोड़ने की बात कही, लेकिन महिला अधिकारी ने उसे कथित तौर पर आफ्टर पार्टी में चलने के लिए कहा। रात करीब 1:45 बजे पीड़िता को एक कार में बैठाया गया, जिसमें पहले से CEO और महिला अधिकारी का पति मौजूद था।आरोप है कि रास्ते में कार को एक दुकान पर रोका गया, जहां से धूम्रपान का सामान खरीदा गया और पीड़िता को जबरन धूम्रपान कराया गया। इसके बाद वह बेहोश हो गई। होश आने पर उसने खुद को कार में असहज स्थिति में पाया और आरोप लगाया कि CEO, महिला अधिकारी और उसके पति ने उसके साथ दुष्कर्म किया।पीड़िता का कहना है कि उसने कई बार घर छोड़ने की गुहार लगाई, लेकिन उसे सुबह करीब 5 बजे ही छोड़ा गया। पूरी तरह होश में आने पर उसे अपने कुछ गहने और कपड़े गायब मिले, साथ ही शरीर के निजी हिस्सों में चोटें भी महसूस हुईं।पुलिस ने बताया कि जिस कार में यह घटना हुई, उसमें लगा वेबकैम जांच का अहम सबूत बना है। कैमरे में ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग होने की बात सामने आई है, जिसे केस में महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है।सबूतों के आधार पर पुलिस ने GKM IT प्राइवेट लिमिटेड के CEO जीतेंद्र सिसोदिया, कंपनी की कार्यकारी प्रमुख शिल्पा सिरोही और उसके पति गौरव को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
