
रेवदर (Revder)भटाना आदर्श शिक्षा समिति द्वारा संचालित आदर्श विद्या मंदिर माध्यमिक भटाना में शनिवार को शिशु खेल दिवस उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। विद्यालय में कक्षा अरुण से प्रभात (भाग-‘अ’) कक्षा प्रथम-द्वितीय (भाग-‘ब’) तथा कक्षा तृतीय-चतुर्थ (भाग-‘स’) के नन्हें विद्यार्थियों ने विभिन्न रोचक खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लिया।कार्यक्रम के तहत चम्मच दौड़, गुब्बारा फोड़, जलेबी खाओ, मटकी दौड़, तीन पाँव दौड़, म्यूजिक चेयर, पात्र में गेंद डालना, 80 एवं 25 मीटर दौड़ के साथ कबड्डी और खो-खो प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। बच्चों की प्रतिभा और जोश देखते ही बनता था। प्रधानाचार्य अगरा राम कुम्हार ने प्रतियोगिताओं में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले भैया-बहनों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। शिशु वाटिका प्रमुख प्रकाश कुमार, नरेंद्र कुमार, अजाराम, केसर सिंह, थाना राम व दिनेश कुमार ने सभी खेलों का सफल आयोजन करवाया। कार्यक्रम से संबंधित जानकारी प्रचार-प्रसार प्रमुख कुलदीप कुमार ने दी।
रिपोर्ट – रमेश माली
