
जैसलमेर (Jaisalmer) कार्तिक पूर्णिमा पर बुधवार को देव दीपावली मनाई गई। शहर भर के मंदिरों में दीपदान हुआ। घरों में भी लोगों ने दीपक से रोशनी की गई। शहर के विभिन्न मंदिरों में शाम को श्रद्धालुओं ने दीपदान करते हुए दीपमाला सजाई। साथ ही भव्य रंगोली भी बनाई गई। दीपों की रोशनी के बीच ही भगवान के दर्शन हुए। दीपों की रोशनी से मंदिर परिसर दमक उठे। देवउठनी एकादशी के बाद आने वाली कार्तिक पूर्णिमा को देवताओं की दिवाली माना जाता है।देव दीपावली पर लोगों ने दीपदान कर सुख समृद्धि, आरोग्य और मंगल की कामना की। इस अवसर पर बिजली घर स्थित गजटेड हनुमान मंदिर में आकर्षक दीपमाला, रंगोलियां, लाइटिंग व आतिशबाजी की गई। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मंदिर परिसर को सजाया गया। सुबह हनुमान जी का बागा धराया एवं पूजा आरती की गई। साथ ही सुंदरकांड मंडली द्वारा अखंड रामायण पाठ किया गया। दिन भर भक्त मण्डली मंदिर परिसर को सजाने में जुटी रही। शाम को पूरे परिसर में दीपमाला व रंगोलियां सजाई गई और आकर्षक आतिशबाजी की गई। शाम की – आरती के बाद प्रसादी के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
रिपोर्ट – कपिल डांगरा
