
भीलवाड़ा (Bhilwara) परम पूज्य माधव गो विज्ञान अनुसंधान संस्थान नौगावां की बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व सह कार्यवाहक भैयाजी जोशी ने गाय की सेवा और गौ संवर्धन पर जोर देते हुए एक नया दृष्टिकोण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में गौ सेवा को केवल जीव दया तक सीमित न रखकर, वैज्ञानिक तर्कों के साथ आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। जोशी ने कहा कि हमें ऐसी व्यवस्था बनानी होगी, जिसमें गाय पालने से किसानों को आर्थिक लाभ हो, तभी गौशालाएं आत्मनिर्भर बन पाएंगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि हमें किसानों को इस बात के लिए तैयार करना होगा कि वे गाय पालन को एक लाभदायक व्यवसाय के रूप में अपनाएं, ताकि गौशालाओं पर निर्भरता कम हो सके। बैठक में जोशी ने पंचगव्य चिकित्सा को पूरे विश्व में बढ़ावा देने पर भी बात की। उन्होंने कहा कि गाय के दूध, दही, घी, मूत्र और गोबर से बनी औषधियों के महत्व को वैज्ञानिक प्रमाणों के साथ दुनिया के सामने लाना होगा। इससे पहले, भैयाजी जोशी ने गौशाला परिसर में स्थित सांवरिया सेठ मंदिर में दर्शन किए और गौशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने अपने हाथों से गायों को लापसी खिलाकर अपनी श्रद्धा व्यक्त की। इस महत्वपूर्ण बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय संघ चालक रमेश अग्रवाल, प्रचारक प्रमुख सुरेश भाई, विभाग प्रचारक दीपक भाई के साथ-साथ संस्थान के अध्यक्ष दामोदर प्रसाद अग्रवाल, सचिव सत्य प्रकाश गगड़ और कोषाध्यक्ष हेमंत मानसिंहका सहित कई प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे। यह बैठक गौ संरक्षण और संवर्धन की दिशा में एक नई सोच और दिशा देने वाली मानी जा रही है।
रिपोर्ट -पंकज पोरवाल
