
राजसमंद (Rajsamand) विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी (Dipti Kiran Maheshwari) एवं विधायक सुरेंद्र सिंह राठौड़ (Surendra Singh Rathore) के नेतृत्व में मार्बल उद्योग के प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से भेंट कर उद्योग से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। वार्ता के दौरान विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने कहा कि राजस्थान में रोजगार का एक प्रमुख साधन होने के साथ-साथ मार्बल उद्योग ने पूरे विश्व में राजस्थान की पहचान स्थापित की है। वर्तमान समय में सेरेमिक टाइल्स, आयातित मार्बल, ग्रेनाइट एवं आर्टिफिशियल स्टोन जैसी प्रतिस्पर्धा तथा उपभोक्ताओं की बदलती रुचि के कारण यह उद्योग गंभीर मंदी का सामना कर रहा है। ऐसे में रॉयल्टी दरों में की गई वृद्धि उद्योग को और अधिक संकट की ओर धकेल रही है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रतिनिधियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि राज्य सरकार उद्योगों की स्थिति सुधारने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने मार्बल ब्लॉक्स पर रॉयल्टी दर को ₹400 से घटाकर ₹360 करने पर सहमति जताई। साथ ही मार्बल खंडों पर युक्तिसंगत रॉयल्टी दर निर्धारित करने हेतु एक समिति गठित करने की घोषणा की, जो 45 दिनों में अपनी अनुशंसा प्रस्तुत करेगी।
विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने कहा कि भाजपा सरकार उद्योग एवं व्यवसाय की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है और प्रदेश को निवेश के लिए अग्रणी गंतव्य बनाने की दिशा में कार्यरत है। प्रतिनिधि मंडल में उदयपुर मार्बल एसोसिएशन के अध्यक्ष पंकज कुमार गांगावत, संरक्षक वीरमदेव सिंह कृष्णावत, राजसमंद माइन ऑनर्स संगठन के अध्यक्ष गौरव सिंह राठौड़, राजसमंद मार्बल गंगसॉ एसोसिएशन के अध्यक्ष सत्यप्रकाश काबरा, केसरिया जी मार्बल एसोसिएशन के महेंद्र सिंह सिसोदिया, विजय सिंह राठौड़, प्रधान अरविंद सिंह राठौड़ सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे। विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का उद्योग की समस्याओं को गंभीरता से सुनने एवं राहत प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया।
रिपोर्ट – नरेंद्र सिंह खंगारोत