
राजसमंद (Rajsamand)भारतीय जनता पार्टी द्वारा जिलेभर के सभी मंडलों में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय पर आयोजित यात्रा में भाजपा जिला अध्यक्ष जगदीश पालीवाल ने कहा कि तिरंगे को देखकर हर भारतीय को गर्व होता है। यह गर्व और राष्ट्रभक्ति की भावना आने वाली पीढ़ियों तक बनी रहनी चाहिए। भारत में अनेकता में एकता की भावना समाहित है, जहाँ विभिन्न जाति और धर्म के लोग एक ध्वज के तले एकजुट होते हैं।
जिला मीडिया संयोजक अरविंद सिंह भाटी ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत मुखर्जी चौक पर श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर हुई। हाथों में तिरंगा लिए कार्यकर्ता, नागरिक, विद्यार्थी और स्काउट-गाइड दल यात्रा में शामिल हुए। यात्रा मुखर्जी चौक से जेके मोड़, पुराना बस स्टैंड होते हुए जलचक्की पहुँची, जहाँ कई स्थानों पर पुष्प वर्षा से स्वागत किया गया। “वंदे मातरम” और “भारत माता की जय” के उद्घोष से पूरा राजसमंद गुंजायमान हो उठा।
डीजे पर बजते देशभक्ति गीतों पर कार्यकर्ताओं ने नाचते-गाते हुए यात्रा को आगे बढ़ाया। कई जगह नागरिकों ने मानव श्रृंखला बनाकर एकता का संदेश दिया। यात्रा ने लोगों में देशभक्ति, राष्ट्र के प्रति सम्मान और सेना के प्रति गर्व की भावना को और प्रबल किया।
कार्यक्रम में विधायक दीप्ति माहेश्वरी, जिला उपाध्यक्ष माधव लाल चौधरी, महामंत्री महेंद्र सिंह चौहान, कोषाध्यक्ष मनोज पारीक, पूर्व विधायक बंशी लाल खटीक, और सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता एवं नागरिक मौजूद रहे।
आभार प्रदर्शन नगर अध्यक्ष दिनेश कुमावत ने किया।