
Barmer। शनिवार (12 अप्रैल 2025) बाड़मेर जिला मुख्यालय के बलदेव नगर इलाके में एक 22 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान खुशबू के रूप में हुई है, जिसकी शादी करीब डेढ़ साल पहले खेताराम से हुई थी। शनिवार को जब खुशबू की मौत की सूचना उसके पीहर पक्ष को मिली, तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे और उसे जिला अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
महिला सेल के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश आर्य ने बताया कि मृतका के पीहर पक्ष ने उसके पति, सास, ससुर और ननद पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया है। मृतका के पीहर पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और शव का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से करवाया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतका के चाचा पुखराज ने बताया कि शादी के दो महीने बाद ही खुशबू को ससुराल में दहेज को लेकर परेशान किया जाने लगा था।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या है, जिसे आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया है। पुलिस ने मृतका के पीहर पक्ष की शिकायत पर पति, सास, ससुर और ननद के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
रिपोर्ट – ठाकराराम मेघवाल