
जैसलमेर। जिले के पोकरण में अंतरराष्ट्रीय मरु महोत्सव-2025 का रविवार (9 फरवरी, 2025) को आगाज हुआ। स्थानीय विधायक महंत प्रतापपुरी ने सालम सागर तालाब स्थित नेपालेश्वर महादेव मंदिर में सुबह पूजा-अर्चना कर इसका शुभारंभ किया। इसके बाद निकली शोभायात्रा में कलाकारों ने कीलों और तलवार पर डांस किया। BSF के जवान ऊंटों पर बैठकर इसमें शामिल हुए। महोत्सव की शुरुआत के साथ सुबह पोकरण फोर्ट से शोभायात्रा निकली। इस दौरान रास्ते में कई लोक कलाकारों ने प्रस्तुतियां दी। स्थानीय कलाकर रेवंता राम ने गिलास, लोहे की कील और तलवार पर भवई नृत्य किया। लोक कलाकार जलाल खान ने भजन प्रस्तुति दी।
शोभायात्रा शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल के मैदान पहुंची। जहां पर स्थानीय विधायक महंत प्रतापपुरी ने रंगीन गुब्बारे उड़ाने के साथ ही दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। मिस्टर पोकरण एवं मिस पोकरण प्रतियोगिता मुख्य आकर्षण का केंद्र रही है। महोत्सव में विभिन्न ग्रामीण खेल प्रतियोगिताएं रस्सा कस्सी, ग्रामीण कुश्ती, मटका रेस, म्यूजिकल चेयर का आयोजन किया गया। साथ ही विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए गए।
साफा बांधने की प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें 5 प्रतिभागियों ने भाग लिया। साफा बांधने के लिए 1 मिनट का समय दिया गया। इस दौरान जैसलमेर जिला कलेक्टर प्रतापसिंह, एसपी सुधीर चौधरी, पोकरण एसडीएम प्रभजोतसिंह गिल, नगरपालिका अध्यक्ष मनीष पुरोहित सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट कपिल डांगरा