
रानीवाड़ा (Raniwada) तहसील के बामनवाड़ा सड़क मार्ग पर शनिवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। बाइक और कार की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।जानकारी के अनुसार, बाइक पर सवार तीन युवक मनोहर पुत्र सवाजी ढाढ़ी (निवासी बड़गांव), जगदीश पुत्र बाबू और नरेश पुत्र रामजी बामनवाड़ा से बड़गांव की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज गति से आ रही कार ने बाइक को सीधे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि 35 वर्षीय मनोहर की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि जगदीश और नरेश गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर ही तड़पते रहे। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची, जहां से घायलों को तुरंत रानीवाड़ा के राजकीय अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों घायलों को हालत गंभीर होने पर गुजरात के लिए रेफर कर दिया। अस्पताल में मौजूद लोगों ने बताया कि दोनों घायलों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। वहीं पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मृतक के शव को रानीवाड़ा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। रविवार सुबह पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक मनोहर की मौत की खबर से बड़गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर छा गई। परिवारजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रारंभिक पुलिस जांच में सामने आया कि हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ। देर रात कम ट्रैफिक के कारण लोग अक्सर तेज गति से वाहन चलाते हैं, जिसके चलते ऐसे हादसे बढ़ते जा रहे हैं। ग्रामीणों ने भी सड़क पर रफ्तार नियंत्रित करने के लिए प्रशासन से आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।रानीवाड़ा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
रिपोर्ट – मुकेश लाखारा
