
राजसमंद (Rajsamand) जिले के मोही कस्बे में पिछले एक सप्ताह से ग्रामीणों के बीच घुल-मिलकर घूम रहा बंदर अब लोगों के लिए परेशानी का कारण बनता जा रहा है। शुरुआत में बंदर ग्रामीणों के साथ बैठना-उठना, चाय-नाश्ता करना और गलियों में घूमना जैसी गतिविधियों से लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा था, लेकिन पिछले दो दिनों से उसके व्यवहार में अचानक बदलाव आ गया है।जानकारी के अनुसार बंदर ने मौका पाते ही ग्रामीणों पर हमला करना शुरू कर दिया। इसी दौरान देवी सिंह राठौड़, कैलाश चंद्र रेगर, शंभू लाल कीर सहित चार लोगों को काटकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। घायलों को तुरंत आर.के. चिकित्सालय ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।ग्रामीणों का कहना है कि बंदर अब आक्रामक हो गया है, इसलिए सभी लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है। साथ ही वन विभाग को भी सूचना दी गई है, ताकि बंदर को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर ले जाया जा सके। ग्रामीणों ने वन विभाग को बंदर को शीघ्र पड़कर जंगल में छोड़ने की मांग की है।
रिपोर्ट – नरेंद्र सिंह खंगारोत
