
Barmer। भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव और हाल के पहलगाम आतंकी हमले के बाद राजस्थान के सीमावर्ती बाड़मेर जिले में हाई रेड अलर्ट जारी किया गया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर जिले के जनप्रतिनिधि और प्रशासन आम जनता के बीच जाकर तनावपूर्ण स्थिति के बारे में जागरूकता फैला रहे हैं। पाकिस्तान से सटी अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक चौहटन विधानसभा क्षेत्र के विधायक आदूराम मेघवाल (Aduram Meghwal) लगातार सीमावर्ती ग्रामीण इलाकों का दौरा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि भारतीय सेना दुश्मन को मुंहतोड़ जवाब दे रही है।
विधायक मेघवाल ने कहा, “बॉर्डर के लोगों ने 1965 और 1971 के युद्धों में भी साहस दिखाया और सेना का साथ देते हुए रेतीले धोरों में रास्ता दिखाया। आज भी लोगों का मनोबल ऊंचा है।” प्रशासन, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर कार्य कर रही हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आपदा की संभावित परिस्थितियों को देखते हुए सीमावर्ती जिलों के लिए विशेष बजट आवंटित किया है।
विधायक मेघवाल ने आश्वासन दिया कि हर परिस्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी मुस्तैदी से काम कर रहा है। स्थानीय निवासियों में देशभक्ति का जज्बा बरकरार है और वे सेना के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की है।
रिपोर्ट – ठाकराराम मेघवाल