
बाड़मेर (Barmer) साहसी 28वीं बटालियन के हीरक जयंती स्थापना उत्सव के उपलक्ष्य में बुधवार को वाहिनी तथा राजकीय चिकित्सालय बाड़मेर के संयुक्त तत्वावधान में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान बीएसएफ के जवानांे ने रक्तदान को लेकर खासा उत्साह दिखाया।इस अवसर पर बटालियन के कार्यवाहक कमांडेंट रवि शर्मा ने सीमा प्रहरियों को रक्तदान हेतु प्रेरित करते हुए कहा कि सीमा सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में भी बीएसएफ सदैव अग्रणी रही है। उन्होंने आह्वान किया कि रक्तदान के माध्यम से समाज से जुड़कर जरूरतमंदों की सहायता करना प्रत्येक कार्मिक का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि बीएसएफ के कार्मिकों ने सेवा भाव से रक्तदान कर अपनी तत्परता एवं सामाजिक प्रतिबद्धता का परिचय दिया है। राजकीय चिकित्सालय बाड़मेर के चिकित्साधिकारी डॉ. रवि गोयल ने जवानों को संबोधित करते हुए रक्तदान से संबंधित विभिन्न भ्रांतियों को दूर किया। उन्होंने बताया कि रक्तदान से न केवल जरूरतमंदों का जीवन बचाया जा सकता है, बल्कि इससे दानदाता के स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। इस शिविर में राजकीय चिकित्सालय बाड़मेर के चिकित्साधिकारी डॉ. रवि गोयल, नर्सिंग टीम तथा सीमा सुरक्षा बल संयुक्त चिकित्सालय की मेडिकल टीम ने अपनी स्वैच्छिक सेवाएं प्रदान कीं। इस दौरान बीएसएफ गैलेंट 28 वीं बटालियन के 57 सीमा प्रहरियों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। कार्यक्रम के अंत में गैलेंट 28 वीं बटालियन के कार्यवाहक कमांडेंट रवि शर्मा ने रक्तदान शिविर के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए डॉ. रवि गोयल तथा राजकीय चिकित्सालय के रक्तदान विभाग की नर्सिंग टीम के सक्रिय सहयोग की सराहना करते हुए उनको स्मृति-चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। रक्तदान शिविर में बीएसएफ के अधिकारियों और जवानों ने बढ़-चढ़कर भाग लेेने के साथ स्वैच्छिक रक्तदान करे हुए मानव सेवा की मिसाल पेश की।
रिपोर्ट – ठाकराराम मेघवाल
