नई दिल्ली (ईएमएस)। सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर ने कश्मीर को लेकर पाकिस्तानी क्रिकेटर शाहिद अफरीदी के सोशल मीडिया पर संयुक्त राष्ट्र अब कहां सो रहा है वाले बयान पर करारा जवाब दिया है। गंभीर ने अफरीदी को टि्वटर पर आईना दिखाया और उन्हें पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) की याद दिलाई। साथ ही अफरीदी को यह भी बता दिया कि चिंता मत करो बेटे, हम उसका भी हल निकाल लेंगे। इस मौके पर गंभीर ने अपने ही अंदाज में अफरीदी को 'बेटा' भी कहा है।
भारत ने कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर उसे मिला विशेष दर्जा हटाया तो अफरीदी ने ट्वीट करते हुए संयुक्त राष्ट्र पर सवाल उठाए और अमेरिका से मदद की आस लगाई थी। गंभीर ने अफरीदी को टैग करते हुए लिखा, 'दोस्तों अफरीदी बिल्कुल ठीक हैं। वहां पर अनुत्तेजित आक्रामकता है, वहां मानवता के खिलाफ अपराध हो रहे हैं। वह यह मामला सामने लाए, इसलिए उनकी तारीफ की जानी चाहिए।' गंभीर ने इस वाक्य के आगे तालियां बजाता हुआ इमोजी भी इस्तेमाल किया। इसके बाद उन्होंने आगे लिखा, 'बस वह इसमें एक बात लिखना भूल गए वह यह है कि यह सब 'पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर' में हो रहा है।' चिंता मत कीजिए, हम इसका भी हल निकालेंगे बेटे।'
Leave a comment