जोधपुर (ईएमएस)। कोरोना वायरस महामारी के दौरान राज्य सरकार व केंद्र सरकार की मदद करने के लिए आम और खास लोग लगातार सामने आ रहे हैं। इस क्रम मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की बहन विमला देवी भी आगे आई हैं। उन्होंने अपने पति संतोष सिंह कच्छवाह की 94वीं जयंती के मौके पर मुख्यमंत्री सहायता कोष में अपनी बचत में से 2,11,000 रुपए का चेक जिला कलेक्टर प्रकाश राजपुरोहित को सौंपा है। इस मौके पर उनके पुत्र और सीएम गहलोत के भांजे जसवंत सिंह कच्छवाह, पुत्रवधु वीणा और दो पोते जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। बता दें कि सीएम अशोक गहलोत और विमला देवी के पिता बाबू लक्ष्मण सिंह जादूगर थे।
उनसे खुद अशोक गहलोत ने जादू की कई कलाएं सीखी। इसी के चलते गहलोत को जादूगर नाम से भी संबोधित किया जाता है। बता दें कि सरकार के गठन के बाद खुद अशोक गहलोत कई बार पत्रकार वार्ता के दौरान अपने आप को जादूगर कह चुके हैं। एक बार तो उन्होंने यहां तक कह दिया कि मैं माली समाज से आता हूं और मेरी जाति का इतना संख्या बल नहीं है फिर भी मैं लगातार मुख्यमंत्री पद पर हूं। बता दें कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को अपनी बहन विमला देवी से खास लगाव है। चाहे कहीं भी और किसी भी परिस्थिति में रह रहे हों, वे राखी के अवसर पर उनके यहां जरूर पहुंचते हैं। इसके अलावा जब भी वे जोधपुर आते हैं तो अपनी बहन से जरूर मुलाकात करते है।
Leave a comment