मुंबई : अरब सागर तट के पास 40 फुट लंबी व्हेल का सड़ा-गला शव
मिला है। मछली का यह शव रायगढ़ जिले की सीमा में मिला है। बताया जा रहा है
कि बुधवार शाम उरान के निकट खरदानदा तट के पास व्हेल का शव बहकर आ गया था।
बाद में वहां घूम रहे कुछ लोगों ने व्हेल का शव देखा। अतिरिक्त प्रधान
मुख्य वन संरक्षक एन वासुदेवन ने बताया कि शायद यह ब्लू व्हेल थी। अधिकारी
ने बताया कि पिछले तीन साल में यह आठवीं बार है जब महाराष्ट्र में तट के
पास व्हेल का शव मिला है। इसके साथ ही पिछले तीन सालों में यह 85वें
समुद्री पशु की मृत्यु है।
गौरतलब है कि साल 1978 में 48 फुट लंबी
व्हेल का शव बहकर मुंबई में शहरी तट के पास आ गया था। क्षेत्र के मछुआरों
ने कहा कि उन्होंने लगभग 8.30 बजे एक शव देखा, जिसे देखकर ऐसा लगा कि काफी
समय पहले ही इसकी मृत्यु हो गई थी। मछुआरे ने बताया कि शव सड़ चुका था और
हड्डियां शरीर से बाहर निकल रही थी, जिसे देखकर ऐसा लग रहा था कि ये व्हेल
काफी समय पहले मर चुकी थी। वासुदेवन ने कहा कि शव को जल्द ही दफना दिया
जाएगा।
Leave a comment