- शिरडी साईंबाबा संस्थान ने 10 करोड़ की मदद का किया ऐलान
शिरडी (ईएमएस)। बाढ की विभीषिका से जूझ रहे महाराष्ट्र में अब तक 30 लोगों की अकाल मौत हो चुकी है। इसके अलावा केरल में 42 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। महाराष्ट्र में भारी बारिश के चलते जनजीवन बेहाल है। बारिश और बाढ़ से परेशान लोगों की मदद के लिए शिरडी साईंबाबा संस्थान आगे आया है। शिरडी साईंबाबा संस्थान ने बाढ़ग्रस्त इलाकों के लिए 10 करोड़ की मदद राशि देने का ऐलान किया है। मालूम हो कि यह जानकारी शनिवार को शिरडी साईंबाबा संस्थान के अध्यक्ष सुरेश हावरे ने दी थी। बताया जा रहा है कि धार्मिक संस्थान की तरफ से दी जा रही है 10 करोड़ के राशि की यह मदद मुख्यमंत्री सहायता निधि में जमा कराई जाएगी।
ज्ञात हो कि बाढ़ से पश्चिम महाराष्ट्र के कोल्हापुर, सांगली, सातारा जिले का जनजीवन काफी रूप से प्रभावित हुआ है। इसे देखते हुए ही शिरडी साईंबाबा संस्थान ने 10 करोड़ की मदद की घोषणा की गई है। आपको बता दें कि पश्चिम महाराष्ट्र के कई जिले बाढ़ की चपेट में हैं। यही वजह है कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को बाढ़ प्रभावित दोनों जिलों सांगली और कोल्हापुर का दौरा किया। उन्होंने दोनों जिलों की स्थिति की समीक्षा भी की। मुख्यमंत्री से पहले महाराष्ट्र के जलसंसाधन मंत्री गिरीश महाजन भी बाढ़ग्रस्त इलाकों का दौरा कर चुके हैं। हालांकि उनका दौरा थोड़ा विवादास्पद भी रहा था।
Leave a comment