देहरादून। 66वीं ऑल इंडिया पुलिस एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उत्तराखंड पुलिस के हरीश कोरंगा ने पांच हजार मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता। इसी दौड़ में मुकेश रावत तीसरा स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक जीतने में कामयाब रहे। पंजाब अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर बना है। महाराणा प्रताप स्पोर्टस कॉलेज रायपुर के सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक पर चल रही चैंपियनशिप में चौथे दिन उत्तराखंड की झोली में दो पदक आए। पुरुष वर्ग की पांच मीटर दौड़ में उत्तराखंड पुलिस के हरीश कोरंगा ने प्रथम स्थान हासिल करते हुए स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने 14:33:23 मिनट में दौड़ पूरी की।
बीएसएफ के गोवा राम (14:57:77 मिनट) ने रजत और उत्तराखंड पुलिस के मुकेश रावत (14:59:74 मिनट) ने कांस्य पदक जीता। जबकि उत्तराखंड पुलिस के ही राजेश कुमार चौथे स्थान पर रहे। महिला वर्ग की पांच हजार मीटर दौड़ में महाराष्ट्र की जयश्री बोरागी (16:52:74 मिनट) ने स्वर्ण, संगीता नाइक (17:06:15 मिनट) ने रजत और वर्षा भावरी (17:46:24 मिनट) ने कांस्य पदक जीता।
पुरुष वर्ग की 800 मीटर दौड़ में आइटीबीपी के अमरजीत यादव (1:54:29 मिनट) ने स्वर्ण, तमिलनाडु के जे जयराज (1:54:83 मिनट) ने रजत और सीआरपीएफ के बीर सिंह (1:54:86 मिनट) ने कांस्य पदक जीता। उत्तराखंड पुलिस के पंकज डिमरी को सातवें स्थान से संतोष करना पड़ा। महिला वर्ग की 800 मीटर दौड़ में महाराष्ट्र की सोनाली देसाई (2:11:83 मिनट) ने स्वर्ण, सीआरपीएफ की एस थाबातोन चानू (2:13:41 मिनट) ने रजत और महाराष्ट्र की ही सोनिया मोकल (2:14:01 मिनट) ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
महिला वर्ग की पोल वॉल्ट स्पर्धा में पंजाब की किरनबीर कौर (3.40 मीटर) ने स्वर्ण, सीआरपीएफ की आरती कुशवाहा (3.20 मीटर) ने रजत और केरल की सिंचु प्रकाश (3.10 मीटर) ने कांस्य पदक कब्जाया। महिला वर्ग की 100 मीटर दौड़ में केरल की सिनी एस फर्राटा चैंपियन बनी। उन्होंने 12:12 सेकेंड में दौड़ पूरी कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। सीआइएसएफ की अंशु रानी (12:47 सेकेंड) ने दूसरा और सीआरपीएफ की मंजूश्री ए (12:57 सेकेंड) ने तीसरा स्थान हासिल किया।
पुरुष वर्ग की डिस्कस थ्रो में पंजाब पुलिस के बलजिंदर सिंह (56.93 मीटर) ने स्वर्ण, प्रभजोत सिंह (54.35 मीटर) ने रजत और सीआरपीएफ के राय गोविंद कुमार (50.46 मीटर) ने कांस्य पदक जीता। महिला वर्ग की चार गुणा 400 मीटर रिले दौड़ में सीआरपीएफ ने स्वर्ण, पंजाब ने रजत व महाराष्ट्र ने कांस्य पदक हासिल किया। पुरुष वर्ग की डेकथलान में बीएसएफ के अनिकेत सिंह ने सर्वाधिक अंक (6067) लेकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, एसएसबी के विनोद कुमार (5909) ने रजत और उत्तर प्रदेश के मोहित वीरवाल (5895) ने कांस्य पदक कब्जाया।